भगवान महाकाल के दर्शन करते गृह मंत्री डॉ. मिश्रा
- फोटो : सोशल मीडिया
मप्र के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा गुरुवार को उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। पूजन अभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख की कामना की। महाकालेश्वर की आरती में भी शामिल हुए।
जानकारी के मुताबिक गृह मंत्री डॉ. मिश्रा गुरुवार सुबह करीब 7 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे। गर्भगृह में करीब 20 मिनट तक रूके और पूजन अर्चन किया। इसके बाद वे महा निर्वाणी अखाड़े के संतों से मिलने पहुंचे। मंहत विनीत गिरी जी से आशीर्वाद लिया। मीडिया से चर्चा करते हुए मिश्रा ने कहा कि भाजपा को टक्कर कोई नहीं दे सकता। 5 राज्यों में स्थिति देखी ही है। कांग्रेस का सूर्य अस्त होने की ओर है, शिवराज ही अगले मुख्यमंत्री होंगे। महाकाल से प्रार्थना की है कि सब सुखी हों, समृद्ध हों। मध्यप्रदेश में सिमी के स्लीपर सेल, अन्य संगठनों और आतंकियों को लेकर कहा कि प्रदेश में किसी भी आतंकी का सिर उठने नहीं दिया जाएगा। जागृत हों या स्लीपर हों, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मिश्रा से जब पूछा कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री 75 वर्ष के हो चुके हैं। अगला कौन होगा जो भाजपा को टक्कर देगा तो गृह मंत्री ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मसला है लेकिन भाजपा को कोई टक्कर नहीं दे सकता। यह आपने पांच राज्यों में चुनाव के दौरान कांग्रेस की स्थिति देखी होगी। कांग्रेस अब समाप्ति की ओर है। महाकाल मंदिर के नवीन स्वरूप को लेकर कहा कि मैं अक्सर आता रहता हूं। बहुत दिव्य और भव्य स्वरूप में मंदिर बन रहा है। आत्मा आनंद विभौर हो गई।