दमोह जिले के ग्रामीण इलाके में एक कुंए का दूषित पानी पीने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 लोग बीमार हैं। वहीं, बीमार लोगों में से आठ लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मामला दमोह के बांदकपुर में खंचारी हरदुआ चुंगल गांव का है। खेतों का कीटनाशक वाला पानी बारिश की वजह से कुंए में चला गया। इस कुंए का पानी पूरा गांव पीता है। दूषित पानी पीने से 80 साल के बुजुर्ग आदिवासी और 32 साल की एक महिला की मौत हो गई। वहीं, गांव के अन्य लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित हो गए। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से गांव में हड़कंप मच गया। प्रशासन भी हरकत में आया। स्वास्थ्य विभाग और पीएचई विभाग की टीम को गांव भेजा गया है।
250 परिवारों के लिए है एक कुंआ
गांव में एक ही कुंआ है, जिस पर 250 परिवार आश्रित हैं। गांव में अब तक नल-जल योजना के तहत घर-घर में नल नहीं पहुंचा है। इस वजह से ग्रामीण आदिवासी इसी कुंए का पानी पीते हैं। कथित तौर पर खेतों में कीटनाशक डाला गया था। उसका ही पानी बारिश की वजह से कुंए में पहुंचा और यह स्थिति बनी।