त्विषा शर्मा की मौत के मामले में जांच कर रही सीबीआई टीम मंगलवार को उनकी सास और सेवानिवृत्त जज गिरीबाला सिंह के भोपाल स्थित घर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि टीम ने मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की और परिवार के सदस्यों से बातचीत की। अधिकारियों के मुताबिक, महिला कर्मियों सहित सीबीआई की टीम ने कटारा हिल्स इलाके स्थित गिरीबाला सिंह के घर जाकर परिवार से पूछताछ की। इसके बाद सीबीआई टीम पुराने शहर के शाहजहांनाबाद स्थित आर्मी कैंटोनमेंट कुरुक्षेत्र मैस पहुंची, जहां त्विषा का परिवार ठहरा हुआ है। टीम वहां भी परिजनों से मिली और फिलहाल वहीं डेरा डाले हुए है।
गिरिबाला सिंह ने ट्विशा की मानसिक स्थिति को लेकर उठाए थे सवाल
हालांकि, ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने कई मीडिया इंटरव्यू में उनकी मानसिक स्थिति और इलाज को लेकर सवाल उठाए हैं। समर्थ सिंह को 10 दिनों तक फरार रहने के बाद शुक्रवार को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को भोपाल की अदालत ने उन्हें सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
वहीं, रविवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश पर दिल्ली एम्स की डॉक्टरों की टीम ने भोपाल में ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम किया। ट्विशा के माता-पिता ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रक्रिया में लापरवाही की आशंका जताई थी।
इसके साथ ही परिजनों ने गिरिबाला सिंह के घर के सीसीटीवी फुटेज और 12 मई की रात त्विषा शर्मा को एम्स ले जाते समय के सीसीटीवी फुटेज भी संरक्षित रखने की मांग की है। इस याचिका पर पहले 25 मई को सुनवाई होनी थी, लेकिन केस डायरी जबलपुर हाईकोर्ट में होने के कारण सुनवाई एक दिन आगे बढ़ा दी गई।
सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज को अहम साक्ष्य माना जा रहा
बता दें कि त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज को अहम साक्ष्य माना जा रहा है। इसी कारण परिजन इन साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए अदालत पहुंचे हैं। वहीं, दिल्ली एम्स की टीम द्वारा किए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट भी अगले तीन से चार दिनों में आने की संभावना है। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है, तो सीबीआई उसी आधार पर आगे की जांच कर चालान पेश करेगी।