फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्यप्रदेश: कर्ज वापस नहीं करने पर आदिवासी युवक को जिंदा जलाया, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

Mon, 09 Nov 2020 08:08 AM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : demo
विज्ञापन

मध्यप्रदेश के गुना जिले के बमोरी पुलिस थाने के उकावद गांव में उधार चुकता नहीं करने पर एक व्यक्ति ने आदिवासी समुदाय के 28 साल व्यक्ति विजय सहरिया को कथित तौर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर जिंदा जला दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

विज्ञापन


दूसरी ओर कांग्रेस ने दावा किया कि विजय सहरिया बंधुआ मजदूर था और केवल 5,000 रुपये की उधारी नहीं चुकाने पर दबंगों ने उसे मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया। वहीं, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इस घटना की पूरी जांच कराई जाएगी तथा दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलेगी।

गुना जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि उधारी नहीं चुकाने पर उकावद गांव के विजय सहरिया पर शुक्रवार रात को एक आरोपी ने कथित तौर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। सिंह ने बताया कि इससे वह बुरी तरह से झुलस गया था, इसके बाद शनिवार को उपचार के दौरान गुना के जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन



उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान राधेश्याम लोधा के रूप में की गई है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। सिंह ने बताया कि आरोपी भी उकावद गांव का ही रहने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा, 'गुना जिले में हुए इस अग्निकांड में सहरिया की मृत्यु अत्यंत वीभत्स एवं दर्दनाक है। मैं उन्हें हृदय से श्रद्धांजलि तथा उनके परिवार को सांत्वना देता हूं। मैं पीड़ित परिवार से मिलने स्वयं सोमवार को उनके गांव जाऊंगा।' उन्होंने कहा, 'घटना की पूरी जांच कराई जाएगी तथा दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलेगी।'

वहीं, मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा, 'विजय सहरिया को गांव के दबंग व्यक्ति द्वारा मात्र 5,000 रूपये की उधारी नहीं चुकाने पर तीन वर्ष से बंधुआ मजदूर बनाए रखने और पैसे नहीं चुका पाने के विवाद में मिट्टी तेल डालकर जिंदा जला दिया गया।' 

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस मांग करती है कि इस वीभत्स हत्या की घटना के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, पीड़ित परिवार की हर संभव आर्थिक मदद की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृति रोकने के लिए सभी आवश्यक कड़े कदम उठाए जाएं।'

इसी बीच, गुना जिले के कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने कहा कि मृतक के परिजनों को 8.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, प्रशासन मृतक के बच्चों की शिक्षा की भी व्यवस्था करेगा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें