टीकमगढ़-छतरपुर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक की मौत हो गई। वहीं, दो लोग घायल हो गए, घायलों को टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बीती रात टीकमगढ़-छतरपुर मार्ग पर बल्देवगढ़ नगर के भदभदा के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। एक बाइक पर सवार गणेशपुरा निवासी सुभाष यादव और अनिल यादव घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार सत्येंद्र विश्वकर्मा भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर 108 एंबुलेंस पहुंची और तीनों घायलों को सरकारी अस्पताल बल्देवगढ़ ले गई। वहां ड्यूटी डॉक्टर ने घायल अनिल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दो घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गणेशपुरा गांव के रहने वाले सुभाष यादव और अनिल बल्देवगढ़ से अपने गांव गणेशपुरा जा रहे थे, जबकि सामने से सत्येंद्र विश्वकर्मा अपने नगर बल्देवगढ़ आ रहा था। दोनों बाइक की स्पीड तेज थी और वे आमने-सामने टकरा गए, हादसे में अनिल यादव की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
आज होगा पोस्टमार्टम
बल्देवगढ़ पुलिस ने बताया कि बाइक की टक्कर में मृत हुए अनिल का आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्देवगढ़ में पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद लाश परिजनों के सुपुर्द कर दी जाएगी। वहीं, पुलिस ने दोनों बाइकों को जप्त कर लिया है।