जिले में नाबालिग बच्चों को फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी हर्ष भारती और मयंक भारभुजा लंबे समय से स्कूली बच्चों को अपना शिकार बना रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया और मोबाइल के माध्यम से छोटे बच्चों से दोस्ती करते थे। इसके बाद वे उन्हें गुमराह कर अशोभनीय हरकतों के वीडियो या फोटो ले लेते थे और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते थे।
इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने अब तक कुल सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें पांच नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी नाबालिगों की मदद से अन्य स्कूली बच्चों तक पहुंच बनाते थे और उनसे पैसे ऐंठते थे। यह गिरोह धीरे-धीरे कई बच्चों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा था, जिसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की।
ये भी पढ़ें: MP News: प्रमोशन पाने के चक्कर में लेडी अफसर ने चलाया चक्कर, सीएम ऑफिस के नाम से बनाया जाली आदेश, एफआईआर दर्ज
कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम गठित की और साइबर जांच के आधार पर दोनों मुख्य आरोपियों हर्ष भारती और मयंक भारभुजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल और अन्य डिजिटल सबूत भी जब्त किए हैं। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह के पीछे और कौन लोग शामिल हैं।
इस घटना ने पूरे टीकमगढ़ शहर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध घटना की तुरंत सूचना पुलिस को दें।