टीकमगढ़ और छतरपुर जिले को बांटने वाली धसान नदी से रेत का अवैध उत्खनन और चोरी करते हुए खरगापुर पुलिस ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर चालक पर चोरी का मामला दर्ज किया है। टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक के प्रवक्ता रहमान खान ने मंगलवार की शाम जानकारी देते हुए बताया कि टीकमगढ़ और छतरपुर जिले की सीमाओं को धसान नदी बांटती है। टीकमगढ़ जिले के पचेरघाट से लंबे समय से छतरपुर जिले के रेत माफिया रेत का अवैध खनन करके चोरी कर रहे हैं।
इस मामले की शिकायत स्थानीय लोगों ने टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक रोहित से की थी। पुलिस अधीक्षक द्वारा खरगापुर पुलिस थाने को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। खरगापुर पुलिस की टीम को पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ का आदेश मिलते ही पुलिस टीम ने धसान नदी के पचेरघाट पर छापामार कार्रवाई की।
यहां पर पुलिस की सूचना लगते ही करीब एक दर्जन से अधिक छतरपुर जिले के ट्रैक्टर ट्रॉली रेत का अवैध परिवहन कर रहे थे, लेकिन पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर मौके से भाग गए। जबकि एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पुलिस ने जब्त कर चोरी का मामला चालक के खिलाफ दर्ज किया है। ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर खरगापुर पुलिस थाने में रखा गया है। वहीं चालक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
छतरपुर जिले का है आरोपी
पुलिस अधीक्षक के प्रवक्ता रहमान खान ने बताया कि मौके से एक ट्रैक्टर ट्रॉली को खरगापुर पुलिस द्वारा जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि इस ट्रैक्टर को छतरपुर जिले के हतना गांव का रहने वाला रविंद्र यादव चला रहा था। इसके खिलाफ रेत चोरी का मामला दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया गया है।
लंबे समय से होता है रेत का अवैध खनन और परिवहन
पचेरघाट टीकमगढ़ और छतरपुर की सीमा को जोड़ता है। धशान नदी पर बने पुल के नीचे लंबे समय से रेत का अवैध खनन और परिवहन होता है। स्थानीय सूत्र बताते हैं कि जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छतरपुर जिले के ट्रैक्टर ट्रॉली आकर के रेत का अवैध खनन और परिवहन करते हैं, लेकिन माइनिंग विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
जिसके चलते स्थानीय ग्रामीणों ने टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया था और कार्रवाई करने की मांग की थी। जब पुलिस टीम द्वारा छापामार कार्रवाई की गई तो करीब एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर मौके से भाग गए। टीकमगढ़ जिले की सीमा में एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पुलिस पकड़ पाई है।