सार
शिक्षक दिवस पर टीकमगढ़ के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। शिक्षकों ने एरियर भुगतान में देरी, बिलों में विसंगतियों और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की। दो दिन में भुगतान नहीं होने पर धरने की चेतावनी दी।
काली पट्टी बांधकर विरोध करते शिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार 5 सितंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 टीकमगढ़ के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ टीकमगढ़ के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित के नेतृत्व में शिक्षकों ने लंबित एरियर भुगतान और कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध जताया।
जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित ने बताया कि विद्यालय के शिक्षक पिछले तीन माह से एरियर भुगतान के लिए प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को कई बार ज्ञापन देने के साथ मौखिक रूप से भी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। शिक्षकों का आरोप है कि कुछ एरियर पिछले कई वर्षों से लंबित हैं।
शिक्षक कार्तिक खरे ने बताया कि कुछ शिक्षकों का करीब आठ वर्षों से एरियर लंबित है। वहीं, करीम खान ने कहा कि शिक्षक दिवस से पहले एरियर भुगतान कराने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी से आग्रह किया गया था, ताकि इसे शिक्षकों के लिए शिक्षक दिवस के उपहार के रूप में माना जा सके, लेकिन भुगतान नहीं हो सका।
पढ़ें: सीएम ने कहा- इंदौर के विकास को मिलेगी नई गति; राहुल के दौरे पर भी बोले
शिक्षकों ने आरोप लगाया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से भेजे गए बिलों में विसंगतियों के कारण ट्रेजरी में आपत्ति लग गई और बिल लंबित हो गए। शिक्षकों ने संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की।
महिला शिक्षिकाओं सविता नरवरिया, अनीता श्रीवास्तव, सीमा पुरोहित और अंजली ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से एरियर भुगतान की उम्मीद लगाए बैठे शिक्षकों का धैर्य अब जवाब दे रहा है।
संघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कथित लापरवाही व अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। करीम खान ने कहा कि शिक्षकों ने गांधीगिरी के तरीके से शिक्षक दिवस पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया है। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर क्रमांक-2 टीकमगढ़ के सभी शिक्षकों के लंबित एरियर का भुगतान नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।