सार
टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर शनिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला और उसके 10 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। महिला का पति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर किया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला और उसके 10 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे झांसी रेफर किया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, दिगौड़ा थाना क्षेत्र में भाई के ढाबे के पास शनिवार रात करीब 34 वर्षीय राजेश राय अपनी पत्नी वर्षा राय और 10 वर्षीय बेटे मयंक राय के साथ बाइक से अपने गांव बछौंडा जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार वर्षा और मयंक सड़क पर गिर गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
एसडीएम कार्यालय में हैं कार्यरत
बताया गया है कि राजेश जतारा एसडीएम कार्यालय में चपरासी के पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में टीकमगढ़ के कुंवरपुरा रोड स्थित किराए के मकान में रह रहे थे। शनिवार रात उनकी मां को बिच्छू ने काट लिया था। राजेश के भाई रामकृपाल राय ने उन्हें मां के साथ हुई घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद राजेश अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से मां को देखने गांव बछौंडा के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में हादसा होने के बाद जब काफी देर तक राजेश घर नहीं पहुंचे तो उनके भाई ने फोन लगाया। इसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने रामकृपाल को हादसे की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें-
भोपाल में अपराधियों पर कसेगी नकेल, अब तैनात होंगे 'सीक्रेट नागरिक'; सीधे पुलिस कमिश्नर को देंगे रिपोर्ट
पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू की
दिगौड़ा थाना पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने वर्षा और मयंक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजेश को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर कर दिया गया। दिगौड़ा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।