टीकमगढ़ शहर के झीर की बगिया हनुमान मंदिर में बीती रात्रि पुजारी के छोटे भाई ने पंखे से फांसी लगाकर के आत्महत्या कर ली है। पुजारी की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची है और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। मंदिर के पुजारी विनय दुबे ने बताया कि बीती रात्रि सब लोग खाना खाकर सो गए थे, सुबह उठकर कमरे में गए तो उनका छोटा भाई विमल दुबे उम्र 20 वर्ष पंखे से लटक रहा था। उन्होंने बताया कि हम दोनों भाई मंदिर प्रांगण में बने कमरे में रहते थे। छोटे भाई ने क्यों आत्महत्या की इसकी जानकारी उसे नहीं हैं।
विनय दुबे ने बताया कि वह करीब 5 साल पहले अपने छोटे भाई के साथ मंदिर की पूजा अर्चना के लिए उत्तर प्रदेश के महोबा के गांव बहीगा से टीकमगढ़ आए थे। मंदिर प्रांगण में रहते थे। हम दोनों भाई शांतिपूर्ण तरीके से रहते थे और मंदिर में पूजा अर्चना के साथ लोगों के घरों में भी पूजा अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम करते थे। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय भेज दिया है। केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि युवक ने खुदकुशी क्यों की।