शादी के दो दिन बाद जेवर और मोबाइल लेकर भागी दुल्हन
- फोटो : अमर उजाला
जिले के असाटी गांव में शादी के नाम पर कथित ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने पुलिस को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि शादी कराने के नाम पर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये लिए गए। इसके साथ ही जमीन की रजिस्ट्री में भी धोखाधड़ी की गई। इतना ही नहीं शादी के महज दो दिन बाद नवविवाहिता जेवर और मोबाइल लेकर घर से चली गई। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता अनूप कुमार मिश्रा ने थाना निवाड़ी में आवेदन देकर बाबूलाल कुशवाहा, भगवत कुशवाहा और रामसेवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक पिछले करीब 10 से 15 दिनों से आरोपी उससे शादी कराने की बात कह रहे थे। इसके बाद 8 सितंबर को गांव के रामराजा मंदिर में एक अज्ञात युवती से उसकी शादी कराई गई।
ये भी पढ़ें: भोपाल: सरकारी आयुर्वेद अस्पताल की कैंटीन में एक्सपायर ब्रेड से बन रहा था सैंडविच, सड़ी प्याज भी मिली
अनूप कुमार का आरोप है कि शादी के नाम पर उससे करीब 1.50 लाख रुपये लिए गए। शिकायत के अनुसार 10 सितंबर की देर रात करीब 12 बजे नवविवाहिता घर में मौजूद थी लेकिन सुबह नींद खुलने पर युवती घर पर नहीं मिली। आरोप है कि नवविवाहिता घर से सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल लेकर चली गई। पीड़ित ने आवेदन में सोने का मंगलसूत्र, बीजारोन, अंगूठी, चांदी की पायल और बिछिया समेत अन्य सामान ले जाने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद जब अनूप संबंधित लोगों के पास पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग अक्सर शादी कराने के नाम पर लोगों से रकम ऐंठते हैं, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।