टीकमगढ़ जिले में पुलिस ने एक घर पर छापा मारकर हथियार बनाकर बेचने वाले को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले दो महीने से हथियार बनाने का काम कर रहा था। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
टीकमगढ़ जिले की पलेरा थाना पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। पलेरा थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि बन्ने गांव में अवैध हथियार बनाए जाने की सूचना मिली थी। जानकारी के आधार पर देवेंद्र पिता चतुर्भुज कुशवाहा के मकान पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के मकान से एक देसी कट्टा सहित अवैध हथियार बनाए जाने का सामान बरामद हुआ है। थाना पुलिस ने आरोपी सहित अवैध हथियार बनाने का सामान जब्त कर आरोपी से पूछताछ की है।
2 माह से चल रही थी फैक्ट्री
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि पिछले 2 माह से वह अपने घर पर अवैध हथियार बनाने का काम कर रहा था। पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।