मध्यप्रदेश स्थित जबलपुर के युवक को ट्रेन में दूसरे के बोतल से पानी पीना मंहगा पड़ गया और उसे कड़ी सजा भुगतनी पड़ी। दरअसल, जबलपुर के सुमित ने प्यास लगने पर एक अन्य यात्री की बोतल से पानी पी लिया। इसी बात से नाराज होकर तीन युवकों ने सुमित को ट्रेन की खिड़की के बाहर लटकार बेरहमी से पीटा। सुमित मुंबई जाने के लिए पाटलीपुत्र- लोकमान्य तिलक टर्मिनल में थे। ट्रेन से बाहर लटके हुए सुमित को इटारसी स्टेशन पर वहां मौजूद वेंडरों ने बचाया।
सुमित को बेरहमी से मारने वालों में विक्की, रवी और बलराम का नाम सामने आया है जो उसी ट्रेन में पटना से सवार थे। सुमित ने रेलवे पुलिस को बताया कि उसे जबलपुर से इटारसी तक लटका कर तीनों ने पीटा। वहीं पुलिस ने उसकी बात पर ध्यान न देते हुए तीनों पर मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया। हालांकि जब इस घटना का वीडियो सामने आया तो जीआरपी टीई ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि इन तीनों पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को बेल भी दे दी गई। वीडियो में दिखाया गया है कि सुमित का पैर खिड़की के बाहर बांध दिया गया है। ट्रेन के इटारसी स्टेशन पर रुकने से पहले ही एस-2 कोच से बाहर निकले युवक को बेल्ट से पीटने लगते हैं। सुमित ने बताया कि जहां-जहां ट्रेन रुकी , वहां उसे पीटा गया।