गाय के बछड़े को चोरी करने के मामले पर पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी कैमरे में जो बात सामने आई है, वह चौंकाने वाली है। चोरी के वक्त उस शख्स ने कोई कपड़ा नहीं पहना था। ऐसे में कहा जा रहा है कि तंत्र-मंत्र की सिद्धि के लिए बलि की मंशा से बछड़े की चोरी हुई है।
मध्यप्रदेश के कटनी जिले में बछड़ा चोरी का मामला सामने आया है। घटना जितनी छोटी दिखाई दे रही है उतनी है नहीं। आवेदक ने आरोपी युवक पर तंत्र-मंत्र के लिए बछड़े की बलि देने की शंका जाहिर की है। मामला कुठला थाना क्षेत्र के बाल गंगाधर तिलक वार्ड का बताया गया जहां के निवासी सुभान सिंह के घर देर रात घुसे आरोपी अमित परौहा ने गाय का बछड़ा चुरा लिया। शिकायत के बाद कुठला पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 457, 458, 380 के तहत प्रकरण दर्ज किया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की नियत से सुभान सिंह के घर में घुसा था। जागने के डर से वह बछड़ा चोरी कर ले गया। मामले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें आरोपी अमित पूरी तरह नग्न दिख रहा है। दूसरे वीडियो में आरोपी बछड़े को ले जाता दिखाई दे रहा है। आवेदक भी तंत्र मंत्र की शंका जता रहा है। इसे देखते हुए जांच का दायरा बढ़ाया जा सकता है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने बछड़े को छोड़ दिया है। हालांकि, जहां बछड़े को छोड़ा गया, वहां जनेऊ जैसी चीज मिली है। आरोपी हिरासत में है और पूछताछ जारी है।
आवेदक के अनुसार आरोपी अमित तांत्रिक प्रवृत्ति का है। एकादशी की रात घर से गाय का बछड़ा चोरी किया। उसके बारे में कुछ बता नहीं रहा है। मौके पर जाने पर जनेऊ जैसी चीजें मिली है। हो सकता है तंत्र-मंत्र के लिए बछड़े की बलि दे दिया हो क्योंकि अब तक बछड़ा मिला नहीं है। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी रखी हुई है।