मध्यप्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां गाड़ी में कैद होने के बाद कथित तौर पर तीन बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई है।
मामले पर सांवेर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मृत बच्चों में दो लड़की और एक लड़का है। तीनों की उम्र तीन से छह साल के बीच है। ये बच्चे सगे भाई-बहन थे।
उन्होंने बताया कि तीनों बच्चे सुबह खेलने के लिए घर से बाहर निकले थे। पड़ोस में खाली जमीन पर खड़ी एक गाड़ी का दरवाजा खुला देखकर वे खेलते-खेलते इसमें बैठ गए और वाहन का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गाड़ी लॉक होने से बच्चे इसके अंदर फंस गए। वे करीब तीन घंटे तक उसमें फंसे रहे और इसका दरवाजा खोल नहीं सके। यह गाड़ी खराब है और लंबे समय से एक ही जगह पर खड़ी होने के कारण उस पर धूल की मोटी परत जम चुकी है।
उन्होंने बताया कि राह से गुजर रहे एक व्यक्ति की गाड़ी पर निगाह पड़ी। उसने बेसुध बच्चों को आस-पास के लोगों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।