सार
इटारसी-भोपाल आउटर पर 50 मिनट रुकी पातालकोट एक्सप्रेस में बदमाशों ने चार-पांच यात्रियों के मोबाइल, नकदी और जेवर चोरी कर लिए। करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर चार टीमें बनाकर जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
फिरोजपुर कैंट से सिवनी जा रही पातालकोट एक्सप्रेस में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इटारसी-भोपाल आउटर पर ट्रेन रात करीब दो बजे लगभग 50 मिनट तक रुकी रही। इसी दौरान अज्ञात बदमाश अलग-अलग स्लीपर कोच में घुस गए और चार से पांच यात्रियों के मोबाइल, नकदी और जेवर चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया।
चोरी का शिकार हुईं यात्रियों में चौरई निवासी रीना साहू, ग्वालियर निवासी सरोज जैन और भोपाल निवासी रूपा पैसे शामिल हैं। बदमाशों ने स्लीपर कोच में सो रहे यात्रियों का सामान बड़ी सफाई से पार कर दिया। ट्रेन के आमला और छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पीड़ितों ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। आउटर पर ट्रेन के 50 मिनट तक खड़े रहने के दौरान हुई इस वारदात ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।