झूठ बोलकर सरकारी मदद लेने और सरकारी योजनाओं का पैसा डकारने के तो बहुत किस्से आपने सुने होंगे लेकिन कोई अगर सीधे मुख्यमंत्री को ही धोखा दे दे तो फिर आप क्या कहेंगे।
मध्यप्रदेश में ऐसा ही एक किस्सा सामने आया है जहां एक किशोर ने सरकारी मदद पाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के सामने अपने माता पिता को मृतक बता डाला। सीएम ने भी उसकी जरूरत देखते हुए तुंरत उसकी मदद के आदेश जारी कर दिए, लेकिन जब जांच हुई तो किशोर की सारी पोल खुल गई।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार मामला बड़वानी जिले का है। बड़वानी का रहने वाला 16 वर्षीय मोतीराम बीते 21 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री आवास के निकट घूम रहा था। सुरक्षाकर्मियों ने उसकी गतिविधियों को संदेहजनक पाते हुए उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह अनाथ है और मुख्यमंत्री से अपने घर और छोटे भाई बहनकी पढ़ाई के लिए मदद चाहता है। वह मुख्यमंत्री से मिलना चाहता था।
मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा तो उन्होंने तुंरत अधिकारियों से उसका आवेदन पत्र लेकर कार्यवाही के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मोतीराम को इंदिरा आवास योजना और छात्रवृत्ति योजना के तहत मिलने वाले लाभ दिलाने के निर्देश दिए।