देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल भगवान ओंकारेश्वर महादेव की पावन नगरी में कभी कार्तिक मास का मेला आस्था, संस्कृति और आदिवासी लोकजीवन का सबसे बड़ा उत्सव हुआ करता था। देवउठनी एकादशी से शुरू होकर कार्तिक पूर्णिमा तक लगभग पखवाड़े भर चलने वाला यह मेला अब धीरे-धीरे अपना पुराना वैभव और पहचान खोता जा रहा है। कभी लाखों श्रद्धालुओं और ग्रामीण परिवारों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाला मेला मैदान आज अपने पुराने दिनों की याद दिलाता है। वर्तमान में मेले का आयोजन तो होता है, लेकिन पहले जैसी रौनक और आकर्षण नजर नहीं आता।
आस्था के साथ नई फसल अर्पित करने आते थे आदिवासी परिवार
कार्तिक मेले की सबसे खास पहचान आदिवासी समाज की भागीदारी थी। झाबुआ, अलीराजपुर, सेंधवा, मनावर, कुक्षी, डही, खरगोन और खंडवा सहित आसपास के आदिवासी बहुल ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ ओंकारेश्वर पहुंचते थे। यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा थी।
ग्रामीण परिवार सबसे पहले मां नर्मदा में स्नान करते, फिर भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर जल अर्पित करते थे। इसके बाद अपने खेतों में पैदा हुई नई फसल का पहला अंश भगवान के चरणों में समर्पित करते थे। उनके लिए यह नई फसल के प्रति कृतज्ञता और भगवान के प्रति श्रद्धा प्रकट करने का विशेष अवसर होता था।
चार-पांच दिन परिवार के साथ मेले में बिताते थे
दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद परिवार मेला मैदान पहुंचते थे। यहां सिनेमा, सर्कस, बड़े-बड़े झूले, मौत का कुआं और मनोरंजन के कई साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र होते थे। ग्रामीण परिवार चार से पांच दिन तक मेले में रुककर खरीदारी और मनोरंजन का आनंद लेते थे। बच्चों के लिए यह साल का सबसे बड़ा उत्सव होता था। दूर-दराज के गांवों से आने वाले रिश्तेदारों और परिचितों का आपस में मिलना-जुलना भी मेले की खास पहचान थी।
एक तरह से यह मेला आदिवासी समाज के लिए एक ही यात्रा में दो महत्वपूर्ण उद्देश्य पूरे करने का अवसर था। भगवान के दर्शन और नई फसल अर्पित करने के साथ पूरे परिवार को मेले का आनंद भी मिल जाता था।
मोबाइल और टीवी के दौर में फीकी पड़ गई रौनक
समय के साथ मेले की तस्वीर बदलने लगी। मनोरंजन के नए साधन घर-घर पहुंच गए। मोबाइल, टेलीविजन और बदलती जीवनशैली के कारण पारंपरिक मेलों के प्रति लोगों का आकर्षण धीरे-धीरे कम होता गया। दूसरी ओर, जिस विशाल मैदान में कभी मेले की दुकानें, झूले और मनोरंजन के साधन सजते थे, वहां अब बड़े-बड़े मठ, मंदिर, आश्रम, होटल और लॉज बन गए हैं। नतीजतन, मेले के आयोजन के लिए पहले जैसी खुली जगह भी उपलब्ध नहीं रही।
नगर परिषद की ओर से आयोजित किए जाने वाले इस मेले में व्यवस्थाओं और खर्च को देखते हुए प्रशासन ने भी धीरे-धीरे अपने कदम पीछे खींच लिए। आयोजन का स्वरूप सीमित होता गया और जो मेला कभी पूरे पखवाड़े तक लोगों को बांधे रखता था, वह अब महज औपचारिकता बनकर रह गया है।
परंपरा आज भी जिंदा, लेकिन पुरानी पहचान लौटने का इंतजार
हालांकि मेले की रौनक भले ही कम हो गई हो, लेकिन आदिवासी समाज की आस्था और परंपरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। आज भी कई ग्रामीण परिवार भगवान ओंकारेश्वर को अपनी नई फसल अर्पित करने पहुंचते हैं। नर्मदा स्नान और ज्योतिर्लिंग के दर्शन के बाद वे मेला मैदान में होने वाले छोटे-मोटे आयोजनों को देखकर पुरानी यादों के साथ वापस लौट जाते हैं।
परंपराएं हमारी धरोहर हैं : प्रदीप ठाकुर
ओंकारेश्वर निवासी प्रदीप ठाकुर का कहना है कि परंपराएं हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। कार्तिक मेले से विशेष रूप से आदिवासी समाज का गहरा लगाव रहा है। इस मेले में एक साथ दो काम हो जाते थे। ग्रामीण परिवार भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन करते, अपनी नई फसल अर्पित करते और फिर पूरे परिवार के साथ मेले का आनंद लेते थे। चार-पांच दिन तक मेले में रहने से बच्चों और परिवार के लोगों को भी खुशी मिलती थी। आज वही मेला धीरे-धीरे कहीं खो गया है। पुरानी पीढ़ी के लोगों के दिलों में आज भी उस मेले की यादें बसी हुई हैं।
सवाल यह है कि क्या लौट सकती है कार्तिक मेले की पुरानी पहचान?
ओंकारेश्वर केवल एक ज्योतिर्लिंग तीर्थ नहीं, बल्कि आस्था, लोक संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं का केंद्र भी है। कार्तिक मेले का सिमटना केवल एक आयोजन का छोटा होना नहीं, बल्कि उस सांस्कृतिक विरासत का कमजोर पड़ना है, जिससे आदिवासी समाज और ओंकारेश्वर का गहरा रिश्ता रहा है।
जरूरत इस बात की है कि नगर परिषद, मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन मिलकर इस परंपरा को फिर से जीवंत करने की दिशा में विचार करें। उपलब्ध स्थान और संसाधनों के अनुसार मेले के लिए व्यवस्थित जगह, पारंपरिक दुकानों, ग्रामीण उत्पादों, झूलों और सांस्कृतिक गतिविधियों की व्यवस्था की जा सकती है।
विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाना भी जरूरी है। सवाल यही है कि जिस कार्तिक मेले ने कभी लाखों ग्रामीण परिवारों को भगवान ओंकारेश्वर की आस्था से जोड़ा था, क्या उसकी पुरानी पहचान आने वाली पीढ़ियों के लिए फिर से जीवित की जा सकेगी?