इंदौर के सदर बाजार क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे 34 वर्षीय सुनील की चौथी मंजिल से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई है। यह दुर्घटना मंगलवार को हुई जब वह प्लास्टर का काम पूरा करने के बाद पटिए खोल रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सिर के बल नीचे आ गिरा जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
विज्ञापन
तीन अस्पतालों में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना मरीमाता चौराहे के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान की है। मृतक सुनील पिता मुंशीलाल भोलाराम मार्ग, सर्वानंद नगर का रहने वाला था और मूल रूप से खंडवा जिले का निवासी था। हादसे के तुरंत बाद उसके साथी मजदूर उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से उसे अरविंद अस्पताल और अंत में एंबुलेंस द्वारा एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया। एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच और परिजनों का हाल
अविवाहित सुनील के पिता भी मजदूरी का कार्य करते हैं। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सदर बाजार पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।