बैतूल में छिंदवाड़ा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में आग लग गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के बैतूल रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में आग लगने की घटना सामने आई है। आग इतनी भयानक थी कि ट्रेन के तीन डिब्बे पूरी तरह खाक हो गए। ट्रेन को लूप लाइन से प्लेटफॉर्म पर लाया जा रहा था तभी घटना हुई। ट्रेन में घटना के वक्त कोई यात्री नहीं था। डिब्बे अलग कर ट्रेन को रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दोपहर की है। हादसा उस समय हुआ, जब बैतूल से छिंदवाड़ा के बीच चलने वाली पैंसेजर ट्रेन क्रमांक 09589 छिंदवाड़ा के लिए रवाना होने वाली थी। जब लूप लाइन से ट्रेन को लाकर प्लेटफॉर्म पर खड़ा किया जा रहा था, उसी दौरान ट्रेन में आग लग गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना की वजह से जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर तत्काल फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तीन डिब्बे खाक हो चुके थे। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे ट्रेन को जब लूप लाइन से प्लेटफॉर्म क्रमांक एक पर लाया जा रहा था उसी दौरान पहले एक डिब्बे में धुआं उठता दिखाई दिया। लोग जब तक कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही देर में 3 डिब्बे आग की लपटों में घिर गए। आनन-फानन पहले इंजन के साथ तीन डिब्बों को हटाया गया, इसके बाद अन्य डिब्बों को भी अलग किया गया। पैसेंजर ट्रेन बैतूल से शाम चार बजे छिंदवाड़ा के लिए रवाना होती है। इसी वजह से उसमें कोई यात्री सवार नहीं था।