सैयदना साहब के दीदार के लिए स्टेशन पर जमा बोहरा समाज के अनुयायी।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के रतलाम में मंगलवार रात दीदार की ऐसी दीवानगी दिखी जिसको देखकर हर कोई हैरान हो गया। एक, दो या दस नहीं बल्कि 1,500 प्लेटफॉर्म टिकट बिक गए। सिर्फ इसलिए कि सैयदना साहब का दीदार हो जाए।
दरअसल, मंगलवार रात को बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु ट्रेन से गुजरने वाले थे। रात करीब नौ बजे की ट्रेन थी। बोहरा समाजजनों को इसकी सूचना थी कि सैयदना साहब स्टेशन से गुजरेंगे तो वे पलक-पावड़े बिछाकर रेलवे स्टेशन पहुंच गए। एक-एक करके 1500 लोग पहुंचे और सभी ने प्लेटफॉर्म टिकट खरीदा। धर्मगुरु की ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आते ही मौला- मौला, हुसैन हुसैन से गूंज उठा।
बाहर आकर बोले- जल्द आउंगा रतलाम
डॉ. सैफुद्दीन जयपुर-मुंबई सेंट्रल गणगौर एक्सपे्रस ट्रेन के विशेष कोच में सवार थे, जो रात 9 बजे बाद प्लेटफॉर्म पर पहुंची थी। उनके आने की खबर सुनकर समाजजन स्टेशन पहुंचे थे। सैयदना सूरत जाते समय कुछ देर स्टेशन पर रुके व बाहर आकर दीदार दिए। उनका विशेष कोच सबसे अंत में लगा हुआ था। समाजजनों ने विशेष मंच बनाया था। सैयदना साहब ने व्यवस्थाओं की प्रशंसा की और आश्वस्त किया कि जल्द रतलाम आउंगा।