मध्यप्रदेश के उर्जाधानी सिंगरौली जिले में तेज रफ्तार के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। सोमवार को हुए तीन अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई और आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। साथ ही घायलों और मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई।
पहला हादसा: तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवारों को मारी टक्कर
सोमवार दोपहर करीब 4 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के परसौना-बरगवां मुख्य मार्ग के नोगई रोड पर तेज रफ्तार कोयला लोड हाईवा वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रामजनम साकेत पिता अंजनी साकेत और रवि साकेत पिता शिव प्रताप साकेत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दूसरा हादसा: झलरी गांव में बाइक सवार की मौत
दूसरी घटना लंघाडोल थाना क्षेत्र के झलरी गांव में हुई, जहां तेज रफ्तार कोयला लोड हाईवा वाहन ने बाइक सवार 35 वर्षीय आदिवासी रामकुमार सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि रामकुमार सिंह झलरी गांव से अपने घर ताल जा रहे थे। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया और ग्रामीणों को शांत किया।
तीसरा हादसा: CISF की पेट्रोलिंग गाड़ी तालाब में गिरी
तीसरी घटना जयंत चौकी क्षेत्र के सिंपलेक्स कॉलोनी की है, जहां सोमवार सुबह करीब 4 बजे पेट्रोलिंग कर रही CISF की गाड़ी असंतुलित होकर तालाब में गिर गई। हादसे में CISF हवलदार अरविंद कुमार (42 वर्ष, निवासी झारखंड) की डूबने से मौत हो गई। गाड़ी में सवार ड्राइवर और मुंशी बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन हवलदार अरविंद कुमार गाड़ी पलटने के कारण अंदर फंस गए, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग बनी हादसों की वजह
सिंगरौली जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों की मुख्य वजह कोयला और रेत परिवहन कर रहे हाईवा वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग बताई जा रही है। खराब सड़कों और लापरवाही के कारण यहां हर रोज सड़कों पर खून बह रहा है।
नहीं रुक रहे हादसे
इस मामले पर उप पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने कहा, ज्यादातर हादसे कोयला परिवहन कर रहे हाईवा वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हो रहे हैं। वाहनों की चेकिंग और दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन हादसों का सिलसिला रुक नहीं रहा। इन हादसों को रोकने के लिए सभी को जागरूक होना बेहद जरूरी है।