मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ छह लोगों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। दरिंदों ने रातभर उसके साथ बारी-बारी से रेप किया और फिर उसी हालत में जंगल में छोड़कर भाग गए। पीड़िता किसी तरह सुबह अपने घर पहुंची और फिर बहन के साथ थाने गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रूह कंपा देने वाली सामूहिक दुष्कर्म की यह वारदात जिले के माडा थाना इलाके के शीतूल गांव की है। बताया गया कि यहां रहने वाले देव कुमार शाह के घर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें सरई इलाके से ऑर्केस्ट्रा बुलाया गया था। ऑर्केस्ट्रा में सिंगर के साथ डांसर लड़कियां भी थीं। देर रात कार्यक्रम खत्म होने के बाद ऑर्केस्ट्रा के सभी सदस्य अलग-अलग बाइक से वापस लौट रहे थे तभी रास्ते में बाइक से आए बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और डांसर युवती को जबरदस्ती उठाकर अपने साथ जंगल में ले गए।
रातभर बारी-बारी से किया दुष्कर्म
युवती को बचाने आए उसके साथी के साथ बदमाशों ने मारपीट की और डांसर को जंगल में ले जाने के बाद सभी छह आरोपियों ने रातभर उसके साथ बार-बारी से दुष्कर्म किया। सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपी पीड़िता को जंगल में ही छोड़कर भाग गए। इसके बाद किसी तरह पीड़िता सुबह अपने घर पहुंची और बड़ी बहन को पूरी बात बताई और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।