जिला अस्पताल में भभूत उड़ाई गई
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के शिवपुरी के जिला अस्पताल में टोने-टोटके का मामला सामने आया है। एक महिला अपने साथ कागज में भभूत लेकर पहुंची, फिर मंत्र पढ़कर यहां-वहां फेंकने लगी। कैमरों में सारा माजरा रिकॉर्ड हो गया है। महिला अस्पताल में भर्ती प्रीमैच्योर नवजात के लिए पहुंची थी। परिजनों ने ही महिला को अस्पताल में बुलवाया था।
जानकारी के अनुसार शिवपुरी के जिला अस्पताल में एक महिला को पोहरी से भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि महिला की डिलीवरी के पश्चात बच्चा कम दिन का होने के कारण उसे पोहरी से रेफर किया गया था। बच्चे को एसएनसीयू में भर्ती कराया है। बच्चे की स्थिति नाजुक बनी हुई है। इसी बच्चे के लिए परिजनों ने एक महिला ओझा को बुलवाया था। बच्चे के पिता संतोष जाटव ने बताया कि उनके बच्चे की डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई है। इसलिए उन्होंने जिला अस्पताल परिसर में 'माता' को बुलाना पड़ा ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चा जिंदा रहेगा या फिर नहीं। संतोष ने बताया कि वह कभी भी किसी भी समय अपनी दादी के पास माता को बुला लेते हैं।
जिला अस्पताल में लगे कैमरों में सारा मामला दर्ज हो गया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें नजर आ रहा है कि एक बुजुर्ग महिला कागज में भभूत रखे हुए हैं। उसे कुछ महिला-पुरुष घेरे हुए हैं। बुजुर्ग महिला पहले कुछ भभूत पास बैठे लोगों को देती है, जो उसे अपने सिर पर लगा लेते हैं। फिर महिला हाथ में भभूत लेकर कुछ मंत्र पढ़ती है और भभूत अस्पताल में यहां-वहां फेंक देती है।
मामले पर सिविल सर्जन डॉ आरके चौधरी ने बताया कि पोहरी से एक महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जिला अस्पताल में भर्ती महिला के यहां एक लड़का पैदा हुआ जो कम दिन का है जिसे एसएनसीयू में भर्ती कराया है फिलहाल बच्चे तक कोई भभूति नहीं पहुंची है।