पीएम जनमन योजना के अंतर्गत भागचंद्र आदिवासी के आवास का निर्माण
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप शिवपुरी जिले में सहरिया आदिवासियों को प्रधानमंत्री जन मन योजना के तहत योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री जन मन योजना के तहत देश का पहला आवास शिवपुरी जिले में बनकर तैयार हो गया है। सहरिया आदिवासी परिवार को पहला आवास मिला है। जिले में ऐसे 12 हजार आवास पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत किए गए हैं।
गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने बीते 15 जनवरी को पीएम जन मन कार्यक्रम के तहत देश भर के विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के लोगों से बात की थी। इसी दौरान शिवपुरी के हातौद की सहरिया आदिवासी वर्ग की महिला ललिता आदिवासी और विद्या आदिवासी से भी बात की थी। शिवपुरी कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी ने बताया कि इसी कार्यक्रम में शिवपुरी जिले के लिए पीएम जन मन योजना में 12 हजार आवास सहरिया आदिवासियों के लिए स्वीकृत किए गए थे। इन आवासों के बनने से सहरिया परिवार अपने पक्के आवास में रह सकेंगे।
भागचंद्र आदिवासी को मिला पहला आवास
शिवपुरी के जिला पंचायत के सीईओ उमराव सिंह मरावी ने बताया कि इस अभियान के तहत पूरे देश भर में एक लाख 60 हजार स्वीकृत आवासों में मध्यप्रदेश का शिवपुरी जिला प्रथम जिला बना है, जिसमें शिवपुरी विकास खंड की कलोथरा पंचायत में सर्वप्रथम पीएम जन मन योजना अंतर्गत भागचंद्र आदिवासी के आवास का निर्माण किया गया है। अब सपरिवार वह अपने आवास में पहुंचे तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। मौके पर उपस्थित शिवपुरी जनपद सीईओ गिर्राज शर्मा से उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए अपनी कहानी सुनाई। आज कच्चे आवास से उनका स्वयं का पक्का आवास बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री जी को जन मन योजना के लिए धन्यवाद दिया।
शिवपुरी के लिए एक उपलब्धि
प्रधानमंत्री जन मन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय को योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। ताकि उन्हें मुख्य धारा से जोड़ा जा सके। शिवपुरी जिले में सहरिया आदिवासी परिवार हैं। इनमें ऐसे परिवार जो कच्चे आवास में निवास करते थे, उनका सर्वे करके प्रधानमंत्री जन मन अभियान के तहत चिन्हित किया गया और आज जिले के लिए यह एक उपलब्धि है कि जन मन योजना के तहत पहले जन मन आवास बनकर तैयार हो गया है, जिसमें हितग्राही भागचंद्र आदिवासी ने सपरिवार खुशी-खुशी प्रवेश किया।