शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर गांव में सियार के हमले का शिकार हुई 45 वर्षीय महिला की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। महिला को हमले के बाद रेबीज से बचाव के लिए पहला डोज दिया गया था। गुरुवार को दूसरा डोज लगने के कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ी और मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को जांच में लिया है।
घर के बाहर प्याज काटते वक्त सियार ने किया हमला
मृतका की पहचान मुबारिकपुर निवासी सीमा केवट पत्नी राम प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, 20 सितंबर को सीमा खेत पर बने मकान के बाहर प्याज काट रही थीं। इसी दौरान एक सियार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला के शरीर के एक हिस्से पर चोट आई थी। सियार के हमले के तुरंत बाद परिवार के लोग सीमा को कोलारस स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया और रेबीज से बचाव के लिए पहला इंजेक्शन लगाया गया था। इसके बाद चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उन्हें अगला डोज लगवाने के लिए गुरुवार को फिर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की हालत सामान्य थी। वह अपने पैरों पर चलकर स्वास्थ्य केंद्र के अंदर गई थीं। इसी दौरान चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत उन्हें रेबीज का दूसरा डोज लगाया गया। परिजनों के अनुसार, इंजेक्शन लगने के कुछ समय बाद सीमा ने गहरी सांस ली और अचानक बेहोश हो गईं। उनकी हालत बिगड़ते देख परिजन तत्काल उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज की ओर रवाना हुए। हालांकि, रास्ते में ही उनकी हालत गंभीर हो गई। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। महिला की मौत की सूचना स्वास्थ्य विभाग को भी दी गई, जिसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें-
उज्जैन: भाद्रपद शुक्ल चतुर्दशी पर गणेश स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल महिला की मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। शाम को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सकीय जांच के साथ ही महिला को लगाए गए इंजेक्शन के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्वास्थ्य विभाग इंजेक्शन से संबंधित रिकॉर्ड और उपचार की प्रक्रिया की भी जानकारी जुटा रहा है।
क्या बोले सीएमएचओ?
सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषेश्वर ने बताया कि महिला का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। महिला को लगाए गए इंजेक्शन के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम तथा जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और आवश्यक निष्कर्ष निकाला जाएगा।