श्री कृष्ण व्यामशाला के पास रहने वाले लोगों ने अपरहण की सूचना पुलिस को दी थी।
- फोटो : सोशल मीडिया
शाजापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में श्रीकृष्ण व्यायामशाला के पास किराए के मकान में रहने वाले एक युवक को कुछ युवक जबरदस्ती कार में बिठाकर ले गए, जिससे शहर में युवक के अपहरण की अफवाह उड़ गई। मामले की सूचना पुलिस तक भी पहुंची, किंतु शुरुआत में कोतवाली पुलिस मामले में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं मिलने की बात कहती रही। हालांकि मामला गरमाने के बाद पुलिस गंभीर हुई और मामले की पड़ताल की, जिसमें सामने आया कि युवक का अपहरण नहीं हुआ है बल्कि उसके दोस्त ही उसे जबरदस्ती कार में बैठा कर ले गए हैं उनके आपस में लेन-देन का भी मामला होने की बात भी सामने आई है।
श्री कृष्ण व्यामशाला के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि व्यायाम शाला से सटे हुए कालूराम टेलर के मकान में एक युवक किराए से रहता था यहां कुछ युवक आए और किराए से रहने वाले युवक को जबरदस्ती कार में बिठाया और तेज रफ्तार से कार को भगा कर ले गए, जिससे रहवासियों को मामला गड़बड़ लगा। घटनास्थल के पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों में भी पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ, जिसका वीडियो भी सामने आया है। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की, किंतु कोई खास जानकारी हाथ नहीं आई। मौके पर दो मोटरसाइकिल खड़ी हुई थीं जिन्हें पुलिस अपने साथ ले गई।
एसडीओपी दीपा डोडवे का कहना है कि उक्त घटना में राजकुमार उर्फ हरि निवासी लोहरवास जो कि वर्तमान में कृष्ण व्यायामशाला में एक मकान के किराए में रह रहा था। जितेंद्र नाम के व्यक्ति से इसने गाड़ी उधार पर ले रखी थी, जो कि इसका दोस्त था। दोनों ने बैठकर साथ में शराब पी, तभी गाड़ी वापस लेने की बात पर गाली गलौज हुई। जिस पर जितेंद्र राजकुमार को कार में बैठाकर लोहरवास के पास उसके घर ले जा रहा था। शराब के नशे में गाड़ी में बैठने के दौरान युवकों ने चिल्लाचोट की। इस वजह से आसपास के लोगों को लगा कि उसे कोई किडनैप करके ले जा रहा है। किंतु उक्त घटना दोनों दोस्तों के आपसी पैसों को लेकर विवाद है और किसी तरह की कोई किडनैपिंग नहीं हुई है। मेरे द्वारा राजकुमार से बात की गई और घटना की पुष्टि की गई।