शहडोल के बुढ़ार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पकरिया जल्दी टोला में करंट की चपेट में आने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सोमवार सुबह घटित हुई, जिसके बाद परिजनों द्वारा घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
बता दें कि जिस विद्युत तार की चपेट में बच्चे आए हैं, उक्त तार से वहां स्थित क्रेशर में बिजली सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। तार काफी नीचे झूलने की वजह से यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, ग्राम पकरिया जल्दी टोला निवासी इंद्रपाल केवट के पुत्र राज 10 वर्ष और राजा 8 वर्ष सोमवार सुबह जल्दी टोला स्थित क्रेशर के पास लगे जामुन के पेड़ से गिरे जामुन बिनने गए थे। इसी दौरान क्रेशर के झूलते हुए मेन लाइन सप्लाई के तार की चपेट में दोनों बच्चे आ गए, जिसके बाद दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
विदित हो कि एक दिन पूर्व ब्यौहारी थाना क्षेत्र में इसी प्रकार एक युवक नीचे झूलते हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया था, जिसके बाद इस लापरवाही पर विद्युत कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अब आज एक क्रेशर संचालक की लापरवाही का शिकार दो बच्चे हो गए।