शहडोल जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र के ग्राम धरी नंबर-01 में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि दो युवकों ने घर के सामने बैठे चाचा-भतीजे पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना में चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल है।
शहडोल जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र के ग्राम धरी नंबर-01 में पुरानी रंजिश के चलते हुई वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, गांव में कुछ समय से चले आ रहे विवाद के बीच दो आरोपियों ने घर के सामने बैठे चाचा-भतीजे पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना में रामप्रताप कोरी (45) की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि उनके भतीजे दुर्गा कोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बाणसागर परियोजना चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही देवलोंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद अस्पताल और गांव में तनाव की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जिसके चलते एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई सुनियोजित वारदात है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि मामले में आरोपी आकाश बैस और मयंक कोरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।