कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई घटना
- फोटो : अमर उजाला
शहडोल में कोतवाली थाना क्षेत्र के रेलवे सब्जी मंडी के पास स्टेशन जा रहे युवक के साथ लूट की घटना सामने आई है। घटना के बाद युवक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए चंद घंटों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। युवक के पास रखा मोबाइल एवं स्मार्ट वॉच की आरोपियों ने लूट की थी, घटना बीती रात की है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के पचगांव का रहने वाला युवक गगन प्रजापति पिता रामाधार (23) को भोपाल जाना था। वह अपने छोटे भाई के साथ रेलवे अंडर ब्रिज तक मोटर साइकिल से आया और भाई को वहीं से घर वापस कर दिया। क्योंकि रात का समय था और गगन अकेले ही रेलवे स्टेशन की ओर जाने लगा।
रेलवे सब्जी मंडी के पास युवक जैसे ही पहुंचा तो सामने से तीन लोग आए और उसे घेर लिया। आरोपियों ने युवक से पैसे की मांग की। लेकिन युवक के पास नकद रुपये नहीं थे। युवक ने आरोपियों को पैसे देने से मना कर दिया। तीनों आरोपियों ने मिलकर युवक को पड़कर झाड़ियों की ओर ले गए और मारपीट करने लगे। युवक का मोबाइल एवं स्मार्ट वॉच आरोपियों ने लूट ली और युवक से बेरहमी से मारपीट करने के बाद वहां से भाग गए।
बताया गया कि गगन प्रजापति को बीती रात में अमरकंटक ट्रेन से भोपाल जाना था। लेकिन उसका मोबाइल और स्मार्ट वॉच आरोपियों ने लूट लिया। घटना के बाद फरियादी युवक ने मामले की जानकारी कोतवाली पहुंच पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस को जैसे ही मामले की जानकारी मिली तो कोतवाली पुलिस ने तत्काल गंभीरता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर संदेही आरोपियों की तलाश की। युवक ने बताया था की घटना करने वाले तीन युवक थे,फरियादी युवक के बताए अनुसार कोतवाली पुलिस ने कुछ संदेहियो को हिरासत में लिया और फरियादी युवक से आरोपियों की पहचान करवाई तो लूट की घटना को अनजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया और लूटे हुई मोबाइल एवं स्मार्ट वॉच को आरोपियों के कब्जे से जब्त कर लिया है।
कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी ने बताया कि बीती रात अमरकंटक ट्रेन से भोपाल जाने के लिए के युवक स्टेशन जा रहा था, तभी उसके साथ तीन लोगों ने मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। हमें जब जानकारी लगी तो हमने तत्काल कुछ युवकों को हिरासत में लिया, जिसमें तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे हुए सामग्री को बरामद कर आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है।