आज से लगभग 20 साल पहले वर्ष 2003 में पोस्ट आफिस के पास रहने वाले ट्रांसपोर्टर रमेश उर्फ़ पप्पू गुप्ता की उसके उसके घर के सामने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस हत्याकांड को शातिर बदमाश शंकर सिंह गोंड़ ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था, जिसमें संतोष पासी भी शामिल था। मुख्य आरोपी शंकर सिंह गोंड़ की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी हत्या के इस मामले में सजा काटकर जेल से बाहर आ चुका है।
20 साल से पुलिस कर रही थी तलाश
फरार आरोपी संतोष पासी की पुलिस पिछले 20 साल से तलाश कर रही थी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पा रहा था। गिरफ्तार आरोपी संतोष पासी के खिलाफ हत्या समेत लूट व डकैती का मामला भी धनपुरी थाने में दर्ज है। एक मामले में उसे सजा भी होने की जानकारी मिली है।
इस बीच पुलिस को कल मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या समेत डकैती, लूट समेत नगर के बहुचर्चित पप्पू गुप्ता हत्याकांड में शामिल फरार आरोपी संतोष पासी चोरी छिपे अपने परिजनों से मिलने धनपुरी अपने घर आया हुआ है। मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त कर आरोपी के घर की घेराबंदी कराई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।