पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान अमरकंटक में मां नर्मदा का दर्शन करने के बाद शहडोल पहुंचे।अमरकंटक से बाई रोड पूर्व सीएम शिवराज का काफिला धनपुरी बुढार होते हुए शहडोल पहुंचा। जगह-जगह पूर्व सीएम शिवराज का कार्यकर्ताओं के द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
जमुई में भी पूर्व सीएम का भव्यता के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान लाड़ली बहनों ने कलश जलाकर फूल मालाओं के साथ पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का भव्य स्वागत किया। इसके बाद जमुई स्थित हनुमान मंदिर में शिवराज हनुमान जी का दर्शन करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किए। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा, मैंने जो वादा किया है उसे भाजपा की सरकार पूरा करेगी। शिवराज ने कहा, मैं शहडोल संभाग, शहडोल जिला व शहडोल की जनता से हृदय से प्यार करता हूं, जितनी भी सेवा मुख्यमंत्री पद रहते हुए किया और आगे भी करता रहूंगा। सभी योजनाएं चल रही हैं और आगे भी चलती रहेगी। मैं जब तक जिंदा रहूंगा, तब तक अपनी बहनों को किसी प्रकार की कमी नहीं होने दूंगा।
उन्होंने कहा, मेरा और आपका रिश्ता वोट का रिश्ता नहीं है, आत्मा का रिश्ता है। उन्होंने भाजपा कार्यालय शहडोल में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र के विधायको से कहा कि मुख्यमंत्री नहीं हूं। फिर भी आपके साथ खड़ा रहूंगा। उन्होंने कहा, शहडोल मेरे जिगर का टुकड़ा है, मैं इसे हृदय में रखता हूं। मैं मुख्यमंत्री भले नहीं हूं, पर पार्टी जो काम देगी उसे निष्ठा पूर्वक पूरा करता रहूंगा।
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, लाड़ली बहन के बाद अब लखपति बहाना बनाना है, जिस पर काम कर रहा हूं। पूर्व सीएम शिवराज के शहडोल भाजपा कार्यालय कार्यक्रम में शहडोल जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र के विधायक मौजूद रहे, जिसमें शरद कोल, मनीष सिंह एवं जय सिंह मरावी सहित भाजपा कार्यकर्ता सैकड़ों की तादाद में उपस्थित रहे।