शहडोल जिले में इन दिनों अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। बीते तीन दिनों में तीसरी हत्या का मामला सामने आया है। गुरुवार को जैतपुर थाना क्षेत्र के नगपुर डोंगरी टोला में संदिग्ध अवस्था में खून से लथपथ युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, युवक अपने खेत जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन खेत से कुछ ही दूरी पर उसका संदिग्ध अवस्था में शव मिला। मृतक के गले में धारदार हथियार से रेतने के निशान और शरीर में भी गंभीर चोट के निशान हैं, जिसे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। थाना प्रभारी रामकुमार गायकवाड़ ने बताया कि मृतक रामपाल सिंह (24) निवासी डोंगरी टोला बुधवार शाम सात बजे घर से मोटर साइकिल से खेत जाने के लिए निकला था। लेकिन गुरुवार सुबह खेत से कुछ ही दूरी पर उसका शव बरामद हुआ है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, इसके बाद थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर विवेचना में जुट गए। पुलिस ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ज्ञात हो की जिले में बीते तीन दिनों में यह तीसरी घटना सामने आई है। इसके पहले मंगलवार को जयसिंहनगर क्षेत्र में मोबाइल में गेम खेलने के विवाद को लेकर युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, दूसरी घटना जैतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को हुई, जिसमें तीन दिनों से लापता युवक की लाश कुएं में उतारते हुए मिली, जिसे परिजन हत्या बता रहे हैं।
वहीं, पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता लग पाएगा। अलग-अलग थाना क्षेत्र में लगातार हो रही घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। आचार संहिता लगने के बावजूद सामाजिक तत्व हथियार लेकर घूम रहे हैं और गंभीर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लोकसभा चुनाव के लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। वहीं, चारों तरफ नाकाबंदी कर वाहनों की जांच भी की जा रही है। लेकिन इसके बाद भी लोग हथियार लेकर घूम रहे हैं।