सार
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के टंकी तिराहा पर पुलिस ने पिकअप वाहन से मवेशी तस्करी की कोशिश नाकाम की। क्रूरतापूर्वक लोड पांच मवेशियों को मुक्त कराया गया। दो आरोपी गिरफ्तार हुए, जबकि दो फरार हैं। जब्त वाहन व मवेशियों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत टंकी तिराहा के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मवेशी तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को रोककर उसमें लोड मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। बताया जा रहा है कि यह वाहन मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था, जिसमें मवेशियों को ठूंस ठूंस कर क्रूरतापूर्वक भरा गया था।
पुलिस के अनुसार मुखबिर ने सूचना दी थी कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को अवैध रूप से भरकर यूपी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस सक्रिय हुई और टंकी तिराहा पर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 18 जीए 5997 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में क्रूरता पूर्वक लोड किए गए पांच नग मवेशी पाए गए।
ये भी पढ़ें- हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडा रहा इंदौर, पारा 4.1°C; 35 साल का रिकार्ड टूटा
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जब्त किए गए मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की गई है।
इस संबंध में उप निरीक्षक मोहन पड़वार ने बताया कि मवेशी तस्करी के इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि जब्त पिकअप वाहन और मवेशियों सहित कुल मशरूका की कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यौहारी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मवेशी तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और आमजन ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।