शहडोल जिले गोहपारू थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने छेड़छाड़ से तंग आकर खुदकुशी कर ली है। 18 वर्षीय युवती जयसिंहनगर कॉलेज में प्रथम वर्ष में पढ़ती थी। प्रतिदिन की तरह वह सोमवार को कॉलेज गई थी, उसके साथ उसकी सहेली भी थी। मृतका की सहेली ने अपने बयान में बताया है कि जब वे दोनों कॉलेज जा रही थीं, तभी कॉलेज के पास एक युवक द्वारा उसके (मृतका) साथ छेड़खानी करते हुए बदतमीजी की गई। इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया। इसके बाद युवती अपने घर वापस लौटी और कपड़े बदलकर लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की। जब युवती नहीं मिली तो परिजन सोमवार की रात गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने गोहपारू थाना पहुंचे। मंगलवार को युवती का शव घर के ही आंगन में स्थित कुएं में पड़ा मिला। शव देखकर परिजनों ने घटना की सूचना गोहपारू पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है।
घटना के बाद जयसिंहनगर कॉलेज के बाहर का एक वीडियो सामने आया है जिसमें कॉलेज के लड़कों ने संदेही युवक और युवती को पकड़ लिया था। वीडियो में सुनाई दे रहा है कि लड़के ने लड़की के ऊपर पेट्रोल डाला है, जिस कारण से वह अपना चेहरा बांधकर रखी है। वहीं, संदेही युवक से लड़के यह भी पूछ रहे हैं कि तुमने उसके ऊपर पेट्रोल क्यों डाला, लेकिन युवक इसका कोई जवाब नहीं देता है। कॉलेज के लड़के यह भी कह रहे हैं कि दोनों को थाने में छोड़ आओ। उक्त वीडियो में संदेही युवक कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि लड़की से मेरी शादी लगी हुई है। इस पर कॉलेज के लड़के बार-बार कह रहे हैं कि जब तुम्हारी शादी लगी है तो तुम उसके ऊपर पेट्रोल क्यों डाल रहे हो। संदेही लड़का इस बात का भी जवाब नहीं दे पाता है और वहां से भाग जाता है।
पिता बोले: शाम से गायब हो गई
युवती के पिता ने बताया कि शाम को वह मेरे साथ मवेशियों को बांध रही थी। इसके बाद अचानक कहीं चली गई। हमने सोचा कि वह आसपास मोहल्ले में होगी और कुछ देर में वापस घर लौट आएगी। लेकिन, काफी देर बाद भी घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं चला तो हम लोगों ने थाना जाकर इसकी सूचना दी। गोहपारू थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने बताया कि छेड़छाड़ से परेशान होकर कॉलेज की छात्रा ने खुदकुशी की है, ऐसा उसकी सहेली ने बयान में बताया है। मामले पर मर्ग कायम कर संदेही युवक की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। जब संदेही पकड़ा जाएगा, तो मामला पूरा खुलकर सामने आएगा।
आरोपी युवती का रिश्तेदार
गोहपारू पुलिस ने बताया कि संदेही युवक के गांव गांधिया में मृतका की बड़ी बहन ब्याही है। युवक और युवती आपस में रिश्तेदार भी हैं। युवक लगातार युवती पर शादी का दबाव बना रहा था लेकिन, युवती इसका विरोध कर रही थी। मृतका गोहपारू थाना के नवागांव की रहने वाली थी और संदेही युवक जयसिंहनगर थाना के गांधिया का रहने वाला है। पेट्रोल डालने की घटना भी जयसिंहनगर थाना क्षेत्र की है। युवती के शव को मिले 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत गया है। इसके बाद भी पुलिस अब तक संदेही युवक को हिरासत में नहीं ले सकी है।