शहडोल जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ार में पदस्थ एक चिकित्सक के खिलाफ दुराचार समेत एसटी-एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी डॉक्टर भूमिगत हो गया है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मामला डिंडौरी जिले के करंजिया के महिला थाने मे दर्ज किया गया है।
पीड़िता द्वारा की गई शिकायत के अनुसार, बुढ़ार में पदस्थ डॉक्टर जितेन्द्र पटेल पिता रामसजीवन पटेल 33 वर्ष ने पहले तो सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती की। फिर प्यार का इजहार कर शादी करने का झांसा देकर एक बार नहीं, बल्कि कई बार उसकी आबरु लूटी। अंत में युवती को जातिगत रूप से अपमानित करते हुए शादी से इनकार कर दिया।
युवती की शिकायत पर उसके खिलाफ डिंडौरी जिले के करंजिया थाना में अपराध क्रमांक 192/ 2024 धारा 376, 376 (2) (एन), 506 बी, 3 (2), (5), 3 (1) (डब्ल्यू-11) एसटी-एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी की पुलिस तलाश में जुटी हुई है। वहीं, कार्यस्थल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ार में भी चिकित्सक, एफआईआर होने की जानकारी होने के बाद से नजर नहीं आ रहा है। पता चला है कि वह दो माह का अवकाश लेकर गया हुआ है।
सोशल मीडिया के जरिए की थी दोस्ती
पीड़िता युवती डिंडौरी जिले की रहने वाली है। उसने वहां करंजिया थाने में शिकायत करते हुए बताया कि आरोपी डॉक्टर जीतेंद्र पटेल से उसकी पहचान वर्ष 2021 में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इसके बाद वह मुझसे दोस्ती करने की बात कही। कुछ दिनों बाद उसने कहा कि वह मुझसे प्यार करने लगा है और शादी करेगा। मैं उसके झांसे में आ गई। सबसे पहले 23 अप्रैल 2021 को वह मुझे घुमाने के नाम पर करंजिया से अमरकंटक ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। जहां रास्ते में करंजिया के जंगल में उसने शादी करने का झांसा देकर शाम करीब छह बजे मेरे साथ दुराचार किया।
इसके बाद इसी तरह रीवा एवं बुढार में भी मेरे साथ कई बार दुराचार किया और अंत में मुझे निम्न जाति का कहते हुए शादी से इंकार कर दिया। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी डॉक्टर लगातार मुझे शादी का झांसा देकर मेरी आबरु लूटता रहा। आखिर में इस वर्ष फ़रवरी 2024 में उस पर शादी का दबाव डाला तो उसने मुझे जातिगत रूप से अपमानित करते हुए कहा कि तुम हरिजन जाति की हो मैं तुमसे शादी नहीं करूंगा। उसने मुझे धमकाते हुए कहा कि मैंने इस बात को अगर किसी को बताई तो वह मुझे मार डालेगा।
इस संबंध में जब करंजिया थाना प्रभारी नरेंद्र पाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त मामले की विवेचना एसडीपी द्वारा की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। उसे मामले की जानकारी लगते ही वह मोबाइल बंद करके फरार हो गया है। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगी हुई है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, खंड चिकित्साधिकारी बुढ़ार आरके वर्मा से बात की गई तो उन्होंने डॉक्टर जितेन्द्र पटेल के बारे में दुराचार व एसटी-एससी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे से अनभिज्ञता ज़ाहिर की। उन्होंने कहा कि डॉक्टर पटेल दो माह की छुट्टी का आवेदन देकर गये हैं। लेकिन वह किसी केस में फंसे हैं। उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। हालांकि बीएमओ वर्मा इस बात की जानकारी नहीं दे सके कि दुराचार के आरोपी डॉक्टर जितेन्द्र पटेल ने किस दिनांक को छुट्टी के लिए आवेदन दिया है और वह किस दिनांक तक छुट्टी लिए हैं।