सीएम डॉक्टर मोहन यादव के शहडोल पहुंचने से पहले उनकी सुरक्षा में एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। एक पीटीएस जवान शराब पीकर नशे की हालत में सुरक्षा जवानों के बीच तैनात था। वह दोपहर 12 बजे के आसपास उस प्वाइंट के पास खड़ा था, जहां से सीएम मोहन यादव को पॉलिटेक्निक मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रवेश करना था।
लड़कियों के बीच घुस गया था
बताया जा रहा है कि जिस गेट से सीएम यादव को प्रवेश करना था, उसी गेट से सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाली लड़कियां प्रवेश कर रही थीं। उसी दौरान वह नशे की हालत में उनके बीच घुस गया और बात करने लगा।
मीडिया ने पूछा तो भागने लगा
जब मीडियाकर्मियों ने पूछा की उक्त अज्ञात पुलिसकर्मी नशे की हालत में कैसे लड़कियों से बात कर रहा है, तभी वह भागने लगा। बड़ी बात ये थी कि अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में वह निकलकर भागने लगा, लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी ने उसे नहीं पकड़ा।
प्रभारी बोले हमारे टीम में नहीं
इधर, गेट के प्रभारी टीआई रघुवंशी ने बताया कि वह कौन था, उसकी हमें जानकारी नहीं है। मेरी टीम में 9 लोग हैं, उनमें वो शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि वह कौन था उसका पता लगवाते हैं।
किया गया निलंबित
बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति पुलिस प्रशिक्षण शाला पीटीएस उमरिया में पदस्थ आरक्षक सुभाष परस्ते है। जिसके मानसिक रूप से कुछ कमजोर होने की बात प्रारंभिक तौर पर पता चली है। फिलहाल इस बात की पुष्टि शहडोल पुलिस अभी नहीं करती है। मामले से संबंधित विस्तृत जानकारियां एकत्रित की जा रही हैं। फिलहाल उसे निलंबित कर दिया गया है।