धनपुरी थाना क्षेत्र के सोनहा जंगल में स्थित एक खेत की झोपड़ी के पास 40 वर्षीय महिला का संदिग्ध हालत में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने शव देखा और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार शव के पास एक मोबाइल फोन मिला, जिसके आधार पर मृतका की पहचान फूल मति के रूप में की गई, जो अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जहां शव मिला है, वह खेत जंगल के बीच स्थित है और वहां आमतौर पर कोई निवास नहीं करता।
ये भी पढ़ें-
दरवाजे के सामने बैठी वृद्धा को कार ने रौंदा, मौत; वो रोकने के लिए हाथ देती रही पर चालक नहीं रुका
ग्रामीणों ने बताया कि महिला का शव झोपड़ी के पास पड़ा था और उसके शरीर से खून निकल रहा था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उप निरीक्षक नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला वहां कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, इसलिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।