शराब की होम डिलीवरी की जांच नहीं करने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के धनपुरी इलाके में एक शराब की दुकान से शराब की होम डिलीवरी की जांच नहीं करने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है।
अतिरिक्त एसपी मुकेश वैश्य ने बताया कि गांव में एक शराब दुकान के मालिक ने शराब की बोतलों की होम डिलीवरी शुरू कर दी है। इसके खिलाफ शिकायत मिलने के बावजूद धनपुरी थाने में तैनात पुलिसकर्मी कोई एक्शन नहीं ले रहे थे। इस पर एसपी अवधेश कुमार गोस्वामी ने बुधवार को पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच (फील्ड ड्यूटी से हटा दिया) कर दिया। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी संजय जायसवाल, उपनिरीक्षक विनोद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक राजा भैया बागड़ी, हेड कांस्टेबल गजेंद्र सिंह और आरक्षक शंभू सिंह चौहान के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने जारी किए गए पत्र में लिखा है कि घर-घर शराब की डिलीवरी जैसी खबरें मीडिया में आने के बाद उनकी सच्चाई पता की गई है और जिसके बाद इन सभी को लाइन अटैच कर दिया गया है।