फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीहोर: चंद्रमौली शिव-रामचंद्र और कृष्णचंद्र के एक साथ होंगे दिव्य दर्शन, कुबेरेश्वरधाम में भक्ति की बहेगी धारा

Sat, 24 Oct 2026 10:46 PM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

सार

सीहोर के कुबेरेश्वरधाम स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में भगवान का विशेष शृंगार, चंद्र खीर दर्शन, राधा नाम संकीर्तन और डांडिया महोत्सव होंगे। मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया है। हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। 
विज्ञापन
सीहोर के कुबेरेश्वरधाम में रविवार को शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास से मनाया जाएगा।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शरद पूर्णिमा की पावन चांदनी, भगवान के मनमोहक दिव्य स्वरूप और राधा नाम के संकीर्तन से रविवार को कुबेरेश्वरधाम का वातावरण भक्तिमय होगा। जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में विठलेश सेवा समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में भगवान का विशेष शृंगार, चंद्र दर्शन, चंद्र खीर के दर्शन और रात्रि में डांडिया महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे।

विज्ञापन


दिव्य शृंगार में दिखेगी तीन आराध्य स्वरूपों की झलक
शरद पूर्णिमा के अवसर पर श्री मुरली मनोहर मंदिर में भगवान का मनोहारी शृंगार किया गया है। मंदिर में भगवान शिव के चंद्रमौली स्वरूप, प्रभु श्रीरामचंद्र और भगवान श्रीकृष्णचंद्र के दिव्य स्वरूपों की झलक एक साथ देखने को मिलेगी। फूलों से सजे मंदिर परिसर में भक्तों को दर्शन और पूजा-अर्चना के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और मंदिर में विशेष तैयारियां की गई हैं।

शाम 7 बजे होंगे भगवान और चंद्र खीर के दर्शन
महोत्सव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रात्रि 7 बजे भगवान श्री मुरली मनोहर का दिव्य शृंगार और चंद्र खीर के दर्शन होंगे। इसके बाद शाम 7:30 बजे से रात 9 बजे तक राधा नाम संकीर्तन किया जाएगा। भक्ति संगीत और राधा नाम के उच्चारण से मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होगा। रात 9 बजे से डांडिया महोत्सव शुरू होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति और उल्लास के साथ सहभागिता करेंगे।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें- साधु-संतों की सुविधा के लिए श्री राम कुटी में बनवाए नए कमरे, ट्रस्ट को सौंपने पर किया गया सम्मान

शरद पूर्णिमा की चांदनी से जुड़ी है विशेष धार्मिक मान्यता
धार्मिक मान्यताओं में शरद पूर्णिमा की रात को विशेष महत्व दिया गया है। मान्यता है कि इस रात चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं से पूर्ण होता है और उसकी किरणों को अमृतमयी माना जाता है। इसी विश्वास के चलते शरद पूर्णिमा पर खीर बनाकर चांदनी में रखने और बाद में प्रसाद के रूप में ग्रहण करने की परंपरा प्रचलित है। कुबेरेश्वरधाम में चंद्र खीर के दर्शन भी इसी धार्मिक परंपरा से जुड़े आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

दर्शन के लिए सुबह से रात तक रहेगी व्यवस्था
मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात्रि 11 बजे तक व्यवस्था रहेगी। दूर-दराज से आने वाले भक्त भगवान श्री मुरली मनोहर के दर्शन कर सकेंगे और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे। आयोजन को देखते हुए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है।

हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में ग्रहण की प्रसादी
महोत्सव से पहले शनिवार को कुबेरेश्वरधाम पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को विठलेश सेवा समिति की ओर से भोजन प्रसादी वितरित की गई। इस सेवा कार्य में पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सेवाभावी लोगों ने सहयोग किया। श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित कर सेवा और समर्पण की भावना का परिचय दिया गया। धाम में धार्मिक आयोजन के साथ सेवा कार्य भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखते हैं।
विज्ञापन


फूलों से सजा मंदिर, समिति ने की महोत्सव में शामिल होने की अपील
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में मंदिर में विराजमान भगवान का विशेष शृंगार किया गया है और परिसर को फूलों से सजाया गया है। समिति ने श्रद्धालुओं से शरद पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री मुरली मनोहर के दर्शन करने, राधा नाम संकीर्तन में सहभागी बनने और धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ लेने की अपील की है। भक्ति, सेवा और आस्था के संगम के बीच कुबेरेश्वरधाम में शरद पूर्णिमा का पर्व श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर बनेगा।

 

सीहोर के कुबेरेश्वरधाम में रविवार को शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास से मनाया जाएगा।

 

सीहोर के कुबेरेश्वरधाम में रविवार को शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास से मनाया जाएगा।

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें