फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sehore News: दंपती को नाव पर बैठाने को लेकर विवाद, गालियां देकर की मारपीट, फिर किए हवाई फायर; तीन पर केस दर्ज

Sat, 29 Nov 2025 12:48 PM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

सार

मामला तब गंभीर हो गया जब आरोपी का बेटा गौरव साहू बंदूक लेकर मौके पर पहुंचा और लोगों में दहशत फैलाने के लिए दो राउंड हवाई फायर किए। तीसरे आरोपी सौरभ साहू ने दंपती की कार और बाइक पर डंडे से हमला कर नुकसान पहुंचाया।
विज्ञापन
फ़ाइल फ़ोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के नावघाट पर माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब एक दलित दंपती को नाव में बैठने से यह कहते हुए रोक दिया गया कि “हम छोटी जात वालों को नहीं बैठाते।” अलका जादोनी और उनके पति रामकृष्णा नदी पार कर विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने नाविक दिमावर के भीम सिंह साहू से नाव में बैठने का अनुरोध किया, उसने उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और नौका से दूर हटने को कहा। यह व्यवहार देखते ही वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी। मामले में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज हुई है। मामले को लेकर दलित समाज के लोगों में काफी असंतोष है।
विज्ञापन


रेहटी थाने में दर्ज FIR के अनुसार जब रामकृष्णा ने कहा कि नाव सार्वजनिक सेवा है और किराया देने पर कोई भी बैठ सकता है, तो भीमसिंह भड़क उठा। उसने दंपती को अश्लील और जातिसूचक गालियां देनी शुरू कर दी। विवाद बढ़ते ही उसने अलका को जोर से थप्पड़ मारा, जिससे वह जमीन पर गिर गई और उसकी कोहनी पर गहरी चोट आई। पति को भी लगातार अपशब्द कहे गए और दोनों को धमकाते हुए घाट से भगाने की कोशिश की गई। जातिगत अपमान के साथ मारपीट की यह घटना नावघाट पर मौजूद ग्रामीणों के सामने ही हुई।

ये भी पढ़ें- सागर अग्नि मेला: अंगारों पर चलने की 400 साल पुरानी परंपरा, राजा के सपने से हुई थी शुरुआत, क्या है पूरी कहानी?
विज्ञापन


बंदूक निकालकर दो राउंड हवाई फायर, यात्रियों में दहशत
घटना और गंभीर तब हुई जब भीम सिंह ने अपने बेटे गौरव साहू को मौके पर बुलाया। कुछ ही देर में गौरव जीप की डिग्गी से बंदूक निकालकर ले आया और दंपती को डराने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायर कर दिए। गोली की आवाज़ से नावघाट पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद यात्रियों और ग्रामीणों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग डरकर नदी किनारे की झाड़ियों में छिप गए, जबकि कुछ अपने वाहनों की ओर भागे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फायरिंग के बाद माहौल पूरी तरह भयभीत और अस्थिर हो चुका था।

तीसरे आरोपी ने कार और बाइक पर किया हमला, नुकसान पहुंचाया
इसी बीच सौरभ साहू नाम का तीसरा आरोपी भी घटनास्थल पर पहुंचा। वह बांस का डंडा लेकर आया और पहले से खड़ी दंपती की फॉर्च्यूनर कार की डिग्गी पर ताबड़तोड़ वार करके उसे फोड़ डाला। इसके बाद मोटरसाइकिल पर हमला कर उसका टैंक और मास्क भी तोड़ दिए। दंपती ने पुलिस को बताया कि यह सब इसलिए किया गया ताकि उन्हें डराया जा सके और वे मामले को आगे न बढ़ाएं। संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की यह वारदात पूरे विवाद को और गंभीर बना गई।
विज्ञापन


तीनों आरोपियों पर FIR, पर गिरफ्तारी अब भी नहीं
पीड़िता अलका जादोनी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी भीमसिंह, गौरव और सौरभ साहू के खिलाफ जातिसूचक अपमान, मारपीट, धमकी, फायरिंग और संपत्ति नुकसान सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गए और कई घंटों की तलाश के बाद भी हाथ नहीं आए। तीनों की गिरफ्तारी न होने से दलित समाज में नाराजगी बढ़ रही है। नावघाट क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और ग्रामीण प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों पर गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें