लोकगायिका नेहा सिंह राठौर द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आपत्तिजनक शब्द कहे जाने पर महिला मोर्चा ने शुक्रवार को सीहोर शहर के परशुराम चौराहे पर जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही राठौर की कड़े शब्दों में निंदा की। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ऋतु आनंद जैन, नगर अध्यक्ष सीमा राजेश परिहार के नेतृत्व में लोकगायिका नेहा सिंह द्वारा मध्यप्रदेश के करोड़ों भांजियों के मामा और लाड़ली बहनों के भाई मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लोकगीत के माध्यम से आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग कर उन्हें संबोधित किया गया।
महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष नारोलिया के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर महिला मोर्चा ने मामा मुख्यमंत्री को आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित करने पर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ऋतु आनंद और सीमा राजेश के नेतृत्व में शुक्रवार को महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने परशुराम चौराहे पर एकत्रित होकर नारेबाजी किया। साथ ही कहा कि वह नेहा सिंह की तरफ से कहे गए शब्दों की कटु शब्दों में निंदा करती हैं। उन्होंने कहा, जिस मुख्यमंत्री ने महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर बनाने और उनका आर्थिक सुदृढ़ीकरण करने के लिए अनेकों योजनाएं चलाकर बहनों को सक्षम बनाया। आज एक लोकगायिका ऐसे मुख्यमंत्री को, जिनकी प्रदेश में करोड़ों भांजियां और करोड़ों बहनें हैं, उन्हें आपत्तिजनक शब्दों को कैसे सहन कर सकती हैं।
उन्होंने कहा, हम सब नेहा सिंह राठौर द्वारा कहे गए शब्दों की कटु निंदा करते हुए मांग करते हैं कि वह भी एक महिला हैं। उन्होंने जो शब्द मामा को कहा, उन्हें वापस लें और मामा मुख्यमंत्री से माफी मांगे। प्रदर्शन कार्यक्रम में बीजेपी जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋतु आनंद जैन, डॉक्टर चंद्रा जैन, नीलिमा बैरागी, ज्योति मालवीय, नूतन राठौर, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष सीमा राजेश परिहार, सोनू ठाकुर, मिथिलेश राठौर, पुष्पालता राठौड़ और सीमा सक्सेना इत्यादि महिला उपस्थित रहीं।