कलेक्टर के निर्देशानुसार अब सभी जनपदों एवं ग्राम पंचायतों में नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, सभी अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई से जोड़ा जा रहा है, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। इससे एसडीएम, जनपद सीईओ, तहसीलदार, पटवारी और सचिव जैसे मैदानी अमले को सीधे निर्देश दिए जा सकेंगे।
94 नागरिकों की समस्याओं का समाधान
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर बालागुरू के. और जिला पंचायत सीईओ डॉ. नेहा जैन ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले भर से 94 नागरिकों की शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से कई मामलों पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी पंचायतों को एनआईसी के माध्यम से वीडियो कांफ्रेंसिंग से जोड़ा गया।
प्रमुख मामलों का निपटारा
जनसुनवाई में पहुंचे आष्टा तहसील के ग्राम खाचरोद निवासी एक नागरिक ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी और बेटे ने उसे तीन साल पहले घर से निकाल दिया और अब उसे वापस घर नहीं आने दिया जा रहा है। इसके अलावा, उन्होंने उसके मकान और जमीन पर कब्जा कर लिया है। कलेक्टर बालागुरू के. ने इस शिकायत पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे आष्टा एसडीएम स्वाती मिश्रा को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फर्जी दस्तावेजों से लोन लेने की शिकायत
ग्राम कोड़िया छीतू निवासी संजय राठौर ने जनसुनवाई में शिकायत की कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक से लोन ले लिया। उन्हें इस धोखाधड़ी का तब पता चला जब वे स्वयं बैंक से लोन लेने गए। संजय ने बताया कि किसी ने उनके नाम से फर्जी बैंक खाता खोला, सिम कार्ड लिया और लोन स्वीकृत करा लिया, जिससे उनका सिबिल स्कोर खराब हो गया और अब उन्हें लोन नहीं मिल रहा है।