महिला से दोस्ती के बाद युवक ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है।
सीहोर जिले में एक युवक ने सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने घटना का वीडियो भी बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करता रहा। आरोपी की धमकी से परेशान होकर उसने थाने में केस दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 18 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि शुभम बागवान नामक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। वह पिछले दो वर्षों से सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी को जानती थी। पीड़िता ने बताया कि करीब दो माह पहले आरोपी भैरूंदा आया था, जहां उसने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करने लगा। वह लगातार मिलने का दबाव बना रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी के निर्देशन में एसडीओपी रोशन जैन और एएसपी सुनीता रावत के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी के नेतृत्व में टीम ने इंदौर में दबिश देकर दूधिया निवासी 28 वर्षीय आरोपी शुभम बागवान पिता मोहन बागवान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया, जिसमें घटना से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने आरोपी को भैरूंदा लाकर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।