सीहोर जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र के भोपाल-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार-रविवार की रात में एक ट्रक चालक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर व चालक कई फीट की दूरी पर उछलकर जा गिरे, जिससे ट्रैक्टर पलट गया। वहीं ट्रक में भरी फेंसिंग की जालियां भी हाइवे पर बिखर गईं। जिससे हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर पहुंची श्यामपुर थाना पुलिस ने हादसे में पलटे ट्रैक्टर व रास्ते पर बिखरी फेंसिंग की जालियों को हटाया, जिसके बाद आवागमन सुचारू रूप से शुरू हुआ। हादसे में ट्रैक्टर चालक व ट्रक चालक दोनों बेहोश हो गए। दोनों को बेहोशी की हालत में भोपाल इलाज के भेजा गया।
श्यामपुर थाना टीआई अर्जुन जायसवाल के अनुसार क्षेत्र के जवाहर नवोदय विद्यालय के सामने हाईवे पर शनिवार-रविवार रात करीब दो बजे ट्रैक्टर चालक ट्रॉली में भूसा भरकर श्यामपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक (आरजे 41 जीए 2414) के चालक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर कई फीट की दूरी पर उछलकर पलट गया। वहीं ट्रक में भरी तार फेंसिंग की जालियों के बंडल रोड पर बिखर गए, जिन्हें बाद में पुलिस ने रोड से हटाया गया। हादसे में घायल दोनों वाहन चालकों को बेहोशी की हालत में भोपाल इलाज के लिए भेजा गया।