Sehore: कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों के लिए सफलता के मंत्र दिए।
- फोटो : अमर उजाला
आपने अक्सर कलेक्टर को निरीक्षण करते तो खूब देखा होगा, लेकिन कलेक्टरों को यूथ की क्लास लेते हुए कम ही देखा होगा। सीहोर जिले के कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर कुछ ऐसा ही कर रहे हैं। कलेक्टर ने यहां पहले तो स्वयं रुचि लेकर यूपीएससी एवं एमपीपीएससी की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग नगरपालिका लाइब्रेरी में संचालित कराई। इसके साथ ही स्वयं भी यूथ को मार्गदर्शन देने लगातार कक्षाएं ले रहे हैं।
रविवार को जिला मुख्यालय स्थित लाइब्रेरी में सीहोर जिले के यूपीएससी एवं एमपीपीएससी तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को कलेक्टर चंद्र मोहन ठाकुर ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों के लिए सफलता के मंत्र दिए। उन्होंने छात्रों से कहा कि सिलेबस के अनुसार अभ्यास इतना करो कि परीक्षा से जरा भी डर नहीं लगे। कलेक्टर ठाकुर ने कहा कि सफलता हासिल करनी है, तो कठिन परिश्रम करना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षा में शत-प्रतिशत सफलता के लिए मॉक टेस्ट देते रहें और मूल्यांकन करें। यदि टेस्ट में पिछले कट ऑफ से कम अंक आ रहे हैं तो कमजोर टॉपिक को मजबूत करें। यह सदैव स्मरण रहे कि कोई भी परीक्षा अंतिम नहीं होती है। उन्होंने छात्र छात्राओं से कहा कि यदि आपको लगता है कि कुछ टॉपिक पढाऊं तो मैं जरूर पढाऊंगा। उन्होंने ने छात्र छात्राओं के सवालों के जवाब भी दिए। इस दौरान आदर्श परिवार के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर ठाकुर की पहल पर आदर्श परिवार एवं आधुनिक नालंदा के सहयोग से यूपीएससी एवं एमपीपीएससी की निःशुल्क कोचिंग पिछले दिनों से नगरपालिका लाइब्रेरी में संचालित की जा रही है। ज्ञात रहे कि नगर पालिका द्वारा संचालित लाइब्रेरी में पिछले दिनों कलेक्टर ने निरीक्षण किया था। इस दौरान छात्रों ने पीएससी, यूपीएससी की तैयारी को लेकर बुक्स व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने कलेक्टर के समक्ष अपनी बात रखी थी। इसके बाद से नपा की लाइब्रेरी में आदर्श परिवार एवं आधुनिक नालंदा के सहयोग से यूपीएससी एवं एमपीपीएससी की निःशुल्क कोचिंग चल रही है।