Sehore: सीहोर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फोन वितरित किए गए।
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय टाउन हाल में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण अभियान के अंतर्गत स्मार्ट फोन वितरित किए गए। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वर्चुअली जुड़े, जबकि शहर में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रभुराम चौधरी, विधायक सुदेश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि अधिकारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कुपोषण मप्र के लिए कलंक है। बच्चों का कम वजन, एनिमिया की शिकायत, एक अच्छा स्वास्थ्य न होना अच्छी स्थिति नहीं है। जब बच्चे ही स्वस्थ नहीं होगे तो प्रदेश को बेहतर नागरिक कैसे मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हम कुपोषण कम करने में काफी हद तक सफल हुए हैं, लेकिन ये संतोषजनक नहीं है। हमें इसे पूरी तरह मिटाना है। अभी तक कार्यकर्ता 11 रजिस्टर लेकर घूमती थीं अब सिर्फ एक स्मार्ट फोन। उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन में जानकारी दर्ज करने से कुपोषण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की निगरानी आसान हो जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह स्मार्ट फोन आंगनवाड़ी के कार्य को आसान बनाने के लिए है। इससे आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कहीं भी डाटा को देख सकेंगी और उनके काम को गति मिलेगी।
आंगनवाड़ी गोद लेने वालों का सम्मान करेंगे
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी में कुछ कमियां हैं तो उसे सामाजिक सहयोग के माध्यम से दूर किया जा सकता है। सरकार और शासन मिलकर काम करेंगे तो परिणाम अधिक सुखद होंगे। अच्छा काम करने वाली आंगनवाड़ियों को राज्य एवं जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। साथ आंगनवाड़ी गोद लेने वालों का भी सम्मान किया जाएगा। जिन लोगों ने आंगनवाड़ी गोद ली है उन सभी के साथ इसी माह वर्चुअल रूप से बैठक करेंगे। हम सभी उसी आंगनवाड़ी में बैठेंगे जिसे हमने गोद ली है। चौहान ने कहा कि उन्होंने गांव की एक आंगनवाड़ी गोद ली है वह भोपाल में भी आंगनवाड़ी गोद लेंगे।