शिवपुरी-गुना लोकसभा सीट से सांसद केपी यादव के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर प्रवास के दौरान मीडिया के सामने जवाब दिया। सिंधिया ने कहा कि केपी यादव मेरे परिवार का सदस्य है क्योंकि बीजेपी का हर कार्यकर्ता हमारा सदस्य है और इन सभी को एक दूसरे के साथ मिलकर काम करना चाहिए।
लोकसभा चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले केपी यादव ने सिंधिया के भाजपा में आने के बाद उनके समर्थकों के खिलाफ पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा था, जिसको लेकर सिंधिया ने पहली बार जुबान खोली है। उन्होंने केपी यादव को अपने परिवार का सदस्य बताया और कहा कि मिलन की कमी है वह पूरी हो जाना चाहिए। एक-दूसरे के साथ जो मिलन की कमी है वह भी पूरी होनी चाहिए। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में जो जिम्मेदारी मिली है उसे हमें मिलकर पूरा करना चाहिए।
बता दें कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को गुना-शिवपुरी क्षेत्र में हराकर सांसद बने कृष्णपाल सिंह यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपनी आपबीती सुनाई थी। केपी यादव ने अपने संसदीय क्षेत्र में सिंधिया खेमे के विधायकों और मंत्रियों पर उपेक्षा करने और साइडलाइन करने का आरोप लगाया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को लिखी गई चिट्टी में उन्होंने लिखा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक पार्टी का माहौल खराब कर रहे हैं। केपी यादव ने सिंधिया समर्थक मंत्रियों और विधायकों पर गुटबाजी और भेदभाव करने का आरोप लगाया है। केपी यादव ने सिंधिया समर्थकों पर ये भी आरोप लगाया है कि उनके मंत्री आयोजित कार्यक्रमों में उनकी और भाजपा समर्थकों की उपेक्षा करते हैं। न तो उन्हें कार्यक्रमों में बुलाया जा रहा है और न ही प्रोटोकॉल के तहत उद्घाटन, लोकार्पण के कार्यों में लगने वाली शिलापटि्टका में उनका नाम अंकित किया जा रहा है। जो काम उनके सहयोग से क्षेत्र में हुए हैं उन्हें उसका भी श्रेय नहीं दिया जा रहा है।