सागर के व्यस्त क्षेत्र में हथियार लेकर खड़ी युवती।
- फोटो : अमर उजाला
सागर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोपालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड के पास रविवार देर रात शराब के नशे में धुत युवक-युवतियों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान एक युवती हाथ में धारदार हथियार (बका) लहराते हुए सड़क पर घूमती नजर आई, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
राहगीरों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शराब के नशे में धुत इन युवक-युवतियों ने सड़क से गुजर रहे लोगों के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की। बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में सरेराह हथियार लहराने और हुड़दंग मचाने की इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
ये भी पढ़ें-
फर्जी यूपीआई स्क्रीनशॉट दिखाकर करता था ठगी, दुकानदारों ने बिछाया जाल तो रंगे हाथों पकड़ा गया शातिर
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवती हाथ में बका लहराते हुए घूमती दिख रही है, वहीं उसके साथ मौजूद युवक भी हंगामा करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस एक्शन में आ गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर युवक-युवतियों की पहचान की जा रही है। वीडियो की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय निवासियों में आक्रोश
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में इस तरह की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।