बाजार में इन दिनों लहसुन की बड़ी मांग है। फुटकर बाजार में इसके मूल्य 300 से 400 रुपये किलो चल रहे हैं। बाजार में इसके बढ़े मूल्य के चलते अब लहसुन की चोरी भी होने लगी है। सागर जिले के देवरीकलां थाना क्षेत्र में एक किसान के गोदाम से 40 बोरी लहसुन चुरा ले गए हैं।देवरी नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर नेशनल हाइवे-44 टिकरिया चौराहे पर एक गोदाम की दीवार तोड़कर अज्ञात चोर 40 कट्टी लहसुन चुरा ले गए हैं।
जानकारी के अनुसार, टिकरिया चौराहे पर मुकेश गुप्ता की गोदाम की दीवार तोड़कर अज्ञात चोरों ने लहसुन की 40 बोरियां चुरा ली है। घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात्रि में घटित हुई है। किसान मुकेश गुप्ता ने चोरी की वारदात की सूचना पुलिस थाना देवरी में दिए। उन्होंने बताया कि उनकी गोदाम में 65 कट्टी लहसुन की रखी हुई थी और जब सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी गोदाम की दीवार तोड़कर लहसुन की चोरी हो गई है।
मौके पर जाकर देखा तो ईंट की दीवार में छेद करके चोरों ने 65 कट्टी में से 40 कट्टी चोरी हो गई, मौके पर लहसुन बिखरा पड़ा हुआ था तथा चार पहिया वाहन से चोरी की वारदात को अंजाम देने की आशंका है। उन्होंने बताया कि चोरों ने उन्हें करीब चार लाख रुपये की चपत लगा दी है। सूचना पर पुलिस जांच पड़ताल करने में जुटी है।